मध्य प्रदेश में पुलिस विभाग में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर है। कर्मचारी चयन मंडल ने पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस भर्ती प्रक्रिया के जरिए प्रदेश में कुल 7,500 पुलिस आरक्षकों की नियुक्ति की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी 22 सितंबर से 6 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन कर्मचारी चयन मंडल की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से किए जाएंगे।
गृह जिले में नहीं मिलेगी पोस्टिंग
भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को उनके गृह जिले में पदस्थापना नहीं दी जाएगी। आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को प्रदेश के 55 जिलों में से अपनी पसंद की यूनिट का चयन करना होगा। जिस यूनिट में उम्मीदवार की नियुक्ति होगी, वहां उसे कम से कम 5 साल तक सेवा देना अनिवार्य होगा। पांच साल की सेवा पूरी करने के बाद ही दूसरी यूनिट में ट्रांसफर का विकल्प मिलेगा।
आरक्षक और SAF पद के लिए अलग विकल्प
अभ्यर्थियों को आवेदन के समय यह स्पष्ट करना होगा कि वे आरक्षक सामान्य ड्यूटी (SAF को छोड़कर) के पद के लिए आवेदन कर रहे हैं या आरक्षक विशेष सशस्त्र बल (SAF) के लिए। चयनित उम्मीदवारों की नियुक्ति शासकीय रेल पुलिस की इंदौर, जबलपुर और भोपाल यूनिट में भी की जाएगी।
7,500 पदों का होगा भर्ती अभियान
भर्ती में SAF के 700 पद निर्धारित किए गए हैं। वहीं SAF को छोड़कर सामान्य ड्यूटी के लिए 6,800 पद रखे गए हैं। सामान्य ड्यूटी के पदों में महिलाओं, होमगार्ड और एक्स सर्विसमैन के लिए भी निर्धारित पद शामिल हैं। कुल 7,500 पदों पर भर्ती के लिए आरक्षण के नियम भी लागू होंगे।
आवेदन में इन दस्तावेजों की जरूरत
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों को अपना कलर फोटो, हस्ताक्षर और हाथ से लिखा एक पैराग्राफ स्कैन करके अपलोड करना होगा। जन्मतिथि के प्रमाण के लिए 8वीं, 10वीं या 12वीं की अंकसूची मान्य होगी। जाति प्रमाणपत्र सक्षम अधिकारी द्वारा जारी होना जरूरी है। बोनस अंक के लिए NCC या अन्य संबंधित प्रमाणपत्र भी लगाए जा सकते हैं। मंडल ने स्पष्ट किया है कि पोलेराइड फोटो मान्य नहीं होंगे।
परीक्षा में बायोमेट्रिक सत्यापन
परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों का *आधार इनेबल्ड बायोमेट्रिक सत्यापन किया जाएगा। यदि परीक्षा एक से अधिक शिफ्ट में आयोजित होती है, तो अलग-अलग शिफ्ट के अंकों में समानता बनाए रखने के लिए नॉर्मलाइजेशन प्रक्रिया लागू की जाएगी।
10वीं पास भी कर सकेंगे आवेदन
आरक्षक भर्ती के लिए सामान्य अभ्यर्थियों का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्था से 10वीं, हायर सेकेंडरी या समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी है। वहीं अनुसूचित जनजाति यानी ST वर्ग के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 8वीं कक्षा या समकक्ष परीक्षा रखी गई है।
तीन साल की रहेगी परिवीक्षा अवधि
चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति के बाद तीन वर्ष की परिवीक्षा अवधि पर रखा जाएगा। इस दौरान उन्हें विभागीय नियमों के अनुसार कार्य करना होगा। इसके बाद निर्धारित प्रक्रिया के तहत उन्हें पुलिस प्रशिक्षण के लिए भेजा जाएगा। प्रशिक्षण पूरा करना नियुक्ति प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा होगा।
19,500 से 62 हजार तक वेतन
पुलिस आरक्षक पद पर चयनित उम्मीदवारों को 19,500 से 62,000 रुपए तक का वेतनमान दिया जाएगा। भर्ती में निर्धारित पात्रता और अन्य शर्तों को पूरा करना जरूरी होगा। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले भर्ती नियमों और आधिकारिक विज्ञप्ति को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
दो से अधिक बच्चों वालों के लिए नियम
भर्ती में दो से अधिक बच्चों को लेकर भी विशेष पात्रता नियम लागू हैं। यदि किसी उम्मीदवार के दो से अधिक बच्चे हैं और उनमें से किसी एक बच्चे का जन्म 26 जनवरी 2001 या उसके बाद हुआ है, तो वह नियुक्ति के लिए पात्र नहीं माना जाएगा। हालांकि, यदि एक बच्चा जीवित है और उसके बाद के प्रसव में दो या अधिक बच्चों का एक साथ जन्म होता है, तो ऐसी स्थिति में उम्मीदवार को अयोग्य नहीं माना जाएगा।