उत्तर प्रदेश के कानपुर में संपत्ति विवाद से जुड़ा एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। कृष्णापुरम निवासी 38 वर्षीय IT कर्मचारी रवि दीक्षित ने शुक्रवार सुबह कथित तौर पर फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली।
पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें मृतक ने अपनी बड़ी बहन पर संपत्ति को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने नोट को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
चार साल से IT कंपनी में कर रहे थे काम
रवि दीक्षित पिछले करीब चार वर्षों से एनटीटी डाटा कंपनी के IT विभाग में कार्यरत थे। वह लंबे समय से रात की शिफ्ट में घर से काम कर रहे थे। परिवार में उनकी पत्नी ज्योति दीक्षित और सात वर्षीय बेटा समग्र है।
रवि के पिता उदय नारायण दीक्षित PWD में इंजीनियर थे और करीब 10 वर्ष पहले उनका निधन हो चुका था। उनकी मां शशि का भी लगभग 20 साल पहले निधन हो गया था। रवि दो बहनों के बीच इकलौते भाई थे।
पत्नी ने बताया, कमरे में मिला शव
रवि की पत्नी ज्योति के मुताबिक, शुक्रवार सुबह वह घर के काम निपटाने के बाद कमरे में पहुंचीं तो रवि का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना पुलिस और पड़ोसियों को दी गई। इसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट में लखनऊ निवासी बड़ी बहन छवि मिश्रा पर संपत्ति को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। कार्यवाहक थाना प्रभारी जावेद अहमद ने बताया कि सुसाइड नोट को जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और तहरीर मिलने के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पैतृक संपत्ति में हिस्से को लेकर विवाद का आरोप
परिजनों और रिश्तेदारों के मुताबिक, परिवार का मूल गांव कानपुर देहात के रूरा में है, जहां पैतृक जमीन भी है। आरोप है कि पिता की मृत्यु के बाद से ही संपत्ति को लेकर बहनों और भाई के बीच विवाद शुरू हो गया था। बीते एक साल में यह विवाद और गहरा गया।
रवि की पत्नी का आरोप है कि बड़ी बहन पैतृक मकान और गांव की जमीन में एक-तिहाई हिस्से के अलावा करीब 10 लाख रुपये के जेवरात में भी हिस्सा मांग रही थी। उनका दावा है कि 15 और 17 जुलाई को छवि घर आई थीं और इसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ था। पत्नी के मुताबिक, एक बार कथित तौर पर हाथापाई भी हुई थी।

बहन ने आरोपों पर टिप्पणी से किया इनकार
घटना की जानकारी मिलने के बाद रवि की बड़ी बहन छवि अपने पति के साथ लखनऊ से कार से घर पहुंचीं। कुछ देर रुकने के बाद दोनों वहां से चले गए। जब उनसे लगाए गए आरोपों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
रवि की छोटी बहन निधि भाई का शव देखकर बदहवास हो गईं। परिजनों के मुताबिक, रक्षाबंधन से पहले भाई की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। पुलिस अब सुसाइड नोट और परिजनों की शिकायत के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।