उत्तर प्रदेश के हापुड़ में रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। गंगा एक्सप्रेस-वे पर करीब 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से जा रही थार अचानक बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में दो सगे भाइयों समेत चार लोगों की जान चली गई, जबकि 17 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल है।हादसा सिंभावली थाना क्षेत्र में रविवार रात करीब 11:56 बजे हुआ। टक्कर इतनी जोरदार थी कि थार की छत टूटकर अलग हो गई और बोनट पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
5-6 बार पलटी थार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक्सप्रेस-वे पर चलते समय थार अचानक डगमगाने लगी। इसके बाद गाड़ी करीब 5-6 बार पलटते हुए सड़क किनारे जा गिरी। हादसे के बाद कार में सवार लोग अंदर फंस गए थे।स्थानीय लोगों ने किसी तरह उन्हें बाहर निकाला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
अस्पताल में 4 लोगों को मृत घोषित किया
पुलिस के अनुसार, हादसे में जोगिंदर (26), सुखबीर (25), जसवंत (20) और रवि (20) की मौत हुई है। इनमें सुखबीर और जसवंत सगे भाई थे। वहीं 17 वर्षीय विष्णु गंभीर रूप से घायल है। उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
दिल्ली जा रहे थे सभी लोग
परिजनों के मुताबिक, सभी लोग रविवार रात करीब 9 बजे बदायूं स्थित अपने घरों से दिल्ली के लिए निकले थे। मृतक जोगिंदर खेती-किसानी करते थे और थार उन्हीं की थी।रवि दिल्ली में नौकरी करता था, जबकि बाकी लोग भी दिल्ली में प्लास्टिक-पॉलिएस्टर बनाने का काम करते थे। मृतक सुखबीर शादीशुदा थे, जबकि अन्य मृतकों की शादी नहीं हुई थी। पुलिस अब हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। प्रथम दृष्टया तेज रफ्तार के कारण वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आ रही है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।