फरीदकोट की नई अनाज मंडी में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब करीब 60 से 65 वर्षीय महिला का अर्धनग्न शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद हुआ। महिला पिछले करीब छह से सात वर्षों से मंडी परिसर के आसपास रह रही थी। शव मिलने की सूचना के बाद आसपास काम करने वाले लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया है।
मानसिक रूप से अस्वस्थ थी महिला
मंडी में काम करने वाले लोगों के मुताबिक, महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और पिछले कई वर्षों से यहीं आसपास रहती थी। मंडी के लोग उसे प्यार से ‘मासी’ कहकर बुलाते थे। हालांकि, उसकी असली पहचान, नाम और स्थायी पते के बारे में किसी को जानकारी नहीं थी। वह मंडी परिसर में ही अपना गुजारा करती थी। लंबे समय से वहां रहने के कारण आसपास के दुकानदार और मजदूर उसे पहचानते थे। अचानक उसका शव मिलने से लोग भी हैरान और परेशान हैं।
अर्धनग्न शव मिलने से हत्या का शक
महिला का शव अर्धनग्न अवस्था में मिलने के कारण लोगों ने हत्या की आशंका जताई है। घटनास्थल के हालात को देखते हुए पुलिस भी मामले को गंभीरता से जांच रही है। हालांकि, अभी तक पुलिस ने हत्या की पुष्टि नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और घटनास्थल से जुड़े अन्य सुरागों की भी जांच कर सकती है।
पुलिस बोली- सभी पहलुओं से जांच जारी
मौके पर पहुंचे डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि हत्या की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। फिलहाल पुलिस शव की पहचान कराने की कोशिश में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के साथ जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। महिला की पहचान और उसकी मौत के पीछे की वजह सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ होगी।