भोपाल में बुधवार को ईद मिलादुन्नबी के मौके पर मुस्लिम समाज की ओर से दो अलग-अलग जुलूस निकाले जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि जुलूस के जरिए गंगा-जमुनी तहजीब, आपसी भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द का संदेश दिया जाएगा। मंगलवारा से निकलने वाले मुख्य जुलूस में बड़ी संख्या में लोग शामिल होंगे।
इमामी गेट पर होगा समापन
मुख्य जुलूस दोपहर करीब 2 बजे भारत टॉकीज से शुरू होकर सेंट्रल लाइब्रेरी, इतवारा, इस्लामपुरा, बुधवारा, इब्राहिमपुरा, मोती मस्जिद और पीरगेट होते हुए इमामी गेट चौराहे पर पहुंचेगा। जुलूस में विभिन्न अखाड़ों के दल पारंपरिक कला और शौर्य प्रदर्शन करेंगे।
अलग-अलग जुलूसों को साथ लाने की अपील
ऑल इंडिया मुस्लिम त्योहार कमेटी के संरक्षक शमशुअल हसन बल्ली ने अलग-अलग स्थानों से निकलने वाले जुलूसों का समापन इमामी गेट पर एक साथ करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आयोजन को सामाजिक और धार्मिक सौहार्द का मंच बनाए रखना कमेटी का उद्देश्य है।
सीएम समेत कई जनप्रतिनिधियों को न्योता
आयोजकों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, सांसद आलोक शर्मा, वक्फ बोर्ड चेयरमैन सनवर पटेल, पूर्व सांसद आलोक संजर और महापौर समेत कई जनप्रतिनिधियों एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया है।
अशोका गार्डन से भी निकलेगा जुलूस
दूसरा जुलूस अशोका गार्डन से शुरू होकर पुष्प नगर पुलिया, ऐशबाग रोड, सोनिया कॉलोनी, परिहार चौराहा, मंडी चौराहा और प्रभात चौराहा होते हुए सुभाष नगर ओवरब्रिज से गुजरेगा। इसके बाद स्लाटर हाउस के सामने से जिंसी चौराहा पहुंचेगा, जहां इसका समापन होगा।
कई इलाकों में ट्रैफिक डायवर्ट
जुलूस को देखते हुए यातायात पुलिस ने पुराने और नए शहर के कई इलाकों में रूट डायवर्ट किए हैं। मंगलवारा क्षेत्र में दोपहर 1 बजे से रात 8 बजे तक और अशोका गार्डन क्षेत्र में दोपहर 2 बजे से रात 8 बजे तक जरूरत के अनुसार यातायात व्यवस्था बदली जाएगी।
वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल
रॉयल मार्केट से तीन मोहरा, भोपाल टॉकीज और हमीदिया रोड होकर वाहन चल सकेंगे। वहीं मोती मस्जिद, रेतघाट, कमला पार्क और पॉलीटेक्निक चौराहा होकर भी आवागमन किया जा सकेगा। नए शहर से आने वाले वाहन कमला पार्क, रेतघाट, सदर मंजिल और रॉयल मार्केट होकर पुराने शहर की ओर जा सकेंगे।
यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से जुलूस के दौरान प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचने और निर्धारित वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है। किसी भी यातायात संबंधी परेशानी की स्थिति में कंट्रोल रूम के नंबर 0755-2677340 पर संपर्क किया जा सकता है।