उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को चोरगलिया में आयोजित भाजपा के मंडल स्तरीय कार्यक्रम और जिला-मंडल अध्यक्षों की बैठक में शामिल हुए। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने को लेकर चर्चा हुई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और उसके राष्ट्रीय नेतृत्व पर जमकर निशाना साधा।
चुनावी तैयारी पर जोर
बैठक में मुख्यमंत्री धामी ने मंडल अध्यक्षों को आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव में करीब तीन महीने का समय बचा है और कभी भी आचार संहिता लागू हो सकती है। उन्होंने मंडल अध्यक्षों से अपने-अपने क्षेत्रों में सरकार के विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा प्रचार करने को कहा। इसके लिए सोशल मीडिया के साथ सार्वजनिक स्तर पर भी लोगों से संपर्क करने और सरकार की उपलब्धियां बताने पर जोर दिया गया।
कांग्रेस पर साधा निशाना
धामी ने हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हिंदूवादी संगठनों की ओर से किए गए शुद्धिकरण कार्यक्रम का मुद्दा उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मामले को जातिगत मुद्दे से जोड़कर राजनीति कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस अपनी हताशा और निराशा में वोट बैंक की राजनीति कर रही है।
वंदे मातरम् पर घेरा
मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् के दौरान कांग्रेस नेताओं के व्यवहार का भी जिक्र किया। उन्होंने राहुल गांधी, सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे पर निशाना साधते हुए कहा कि देश कांग्रेस नेताओं का चाल-चरित्र देख चुका है। धामी ने सर्जिकल स्ट्राइक का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर सेना के सम्मान को लेकर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने सर्जिकल स्ट्राइक का भी हिसाब मांगा था।
डबल लेन पुल का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हल्द्वानी-चोरगलिया-सितारगंज मार्ग पर शेर नाला में बने डबल लेन आरसीसी कंक्रीट सेतु का लोकार्पण किया। करीब 9.93 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल की लंबाई 120 मीटर है। मानसून के दौरान शेर नाला उफान पर आने से इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित होता था। पुल के निर्माण से स्थानीय लोगों के साथ पर्यटकों को भी आवाजाही में सुविधा मिलने की उम्मीद है।