देहरादून में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने महिलाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की रणनीति तेज कर दी है। पार्टी ने खास तौर पर लखपति दीदी और आत्मनिर्भर महिलाओं पर फोकस किया है। संगठन का मानना है कि महिलाओं के बीच सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को पहुंचाकर चुनावी समर्थन मजबूत किया जा सकता है। प्रदेश में करीब दो लाख लखपति दीदी होने का दावा किया जा रहा है। भाजपा इन महिलाओं के लिए अलग-अलग सम्मेलन आयोजित करने की तैयारी में है। इन कार्यक्रमों में उन महिलाओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने ऋण लेकर अपना कारोबार शुरू किया और समय पर ऋण चुकाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनीं।
स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी लाखों महिलाओं पर नजर
भाजपा की रणनीति केवल लखपति दीदियों तक सीमित नहीं है। प्रदेशभर में 70 हजार से अधिक स्वयं सहायता समूह सक्रिय हैं, जिनसे पांच लाख से ज्यादा महिलाएं जुड़ी हुई हैं। पार्टी इन समूहों के साथ मिलन कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी कर रही है। ये कार्यक्रम नगर निगम से लेकर ब्लॉक स्तर तक आयोजित किए जाएंगे। इनका उद्देश्य महिलाओं को सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी देना और संगठन के साथ उनका जुड़ाव मजबूत करना है। इसके लिए भाजपा ने संबंधित प्रकोष्ठ को जिम्मेदारियां भी सौंप दी हैं।
रक्षाबंधन के जरिए रिश्ते मजबूत करने की कोशिश
भाजपा ने महिलाओं से जुड़ाव बढ़ाने के लिए रक्षाबंधन को भी अपनी रणनीति का हिस्सा बनाया है। प्रदेशभर में भाजपा के विधायक, मंत्री और आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट की दावेदारी कर रहे नेता महिलाओं के बीच पहुंच रहे हैं। कई जगह रक्षाबंधन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जहां महिलाएं नेताओं की कलाई पर राखी बांध रही हैं। इसके बदले उन्हें उपहार भी दिए जा रहे हैं। पहाड़ से लेकर मैदान तक ऐसे कार्यक्रमों के जरिए महिला मतदाताओं से सीधे संवाद की कोशिश की जा रही है।
सरकार की योजनाओं को महिलाओं तक पहुंचाने पर जोर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कहना है कि संगठन का मकसद आत्मनिर्भर बनी महिलाओं को सरकार से मिलने वाली सुविधाओं और योजनाओं की पूरी जानकारी देना है। इसी उद्देश्य से प्रदेशभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पार्टी की रणनीति में महिला स्वयं सहायता समूह, लखपति दीदी और आत्मनिर्भर महिलाओं को महत्वपूर्ण भूमिका दी गई है। चुनाव से पहले भाजपा इन वर्गों के बीच सरकार के कामकाज और योजनाओं को पहुंचाकर अपने पक्ष में माहौल बनाने की कोशिश कर रही है।