बिहार में लगातार बढ़ते नदी के जलस्तर ने कई इलाकों में चिंता बढ़ा दी है। राज्य के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और गांवों में पानी घुसने से लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
हवाई सर्वे से लिया जायजा
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एरियल सर्वे के जरिए उन इलाकों की स्थिति देखी, जहां बाढ़ का असर ज्यादा है। उन्होंने राहत और बचाव कार्यों की भी समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित लोगों तक मदद समय पर पहुंचे और राहत कार्यों में किसी तरह की लापरवाही न हो। सीएम ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वे कर राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की समीक्षा की गई है। उन्होंने अधिकारियों को आम लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने और जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तेजी से प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
एरियल सर्वे के माध्यम से बिहार के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की समीक्षा की।
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) September 4, 2026
प्रभावित क्षेत्रों में आमजन को हरसंभव सहायता समय पर मिले, किसी को कोई परेशानी ना हो तथा जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो, इसके लिए अधिकारियों को त्वरित एवं… pic.twitter.com/ddCXklp18z
आपदा प्रबंधन विभाग की बैठक
एरियल सर्वे के बाद मुख्यमंत्री अधिकारियों के साथ बाढ़ की स्थिति को लेकर आगे की रणनीति पर चर्चा करेंगे। इसके लिए आपदा प्रबंधन विभाग की बैठक भी प्रस्तावित है। बैठक में राहत-बचाव कार्यों के साथ प्रभावित इलाकों में लोगों तक जरूरी सुविधाएं पहुंचाने को लेकर समीक्षा की जा सकती है। सरकार की ओर से लगातार बदलते हालात पर नजर रखी जा रही है। नदी के जलस्तर में हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन को भी सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
पहले भी कर चुके हैं सर्वे
नेपाल में अचानक आई बाढ़ के बाद बिहार की नदियों पर भी इसका असर देखने को मिला था। उस समय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने उत्तर बिहार के कई जिलों का एरियल सर्वे किया था। अब एक बार फिर राज्य के कई हिस्सों में नदियों का जलस्तर बढ़ने के बाद मुख्यमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों का हवाई निरीक्षण किया है। गंगा, गंडक और सोन समेत कई नदियों के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। कुछ स्थानों पर नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं, जिससे आसपास के इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है।
8 जिलों में हाई अलर्ट
बाढ़ की स्थिति को देखते हुए बिहार के आठ जिलों में हाई अलर्ट जारी किया गया है। इनमें भोजपुर, पटना, सारण, वैशाली, नालंदा, बेगूसराय, लखीसराय और जहानाबाद शामिल हैं। इन जिलों में प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। लगातार बढ़ते जलस्तर के बीच प्रशासन की प्राथमिकता प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाना और जरूरत के मुताबिक राहत सामग्री उपलब्ध कराना है। आने वाले समय में नदी के जलस्तर में होने वाले बदलाव पर भी लगातार नजर रखी जा रही है।