मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शुक्रवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया। ब्यावरा के भोपाल बायपास ब्रिज से कानपुर से इंदौर जा रही यात्री बस अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी। हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। घायलों में 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है।मृतकों में बेंगलुरु के एक थाना प्रभारी और एक साइबर इंस्पेक्टर भी शामिल बताए जा रहे हैं। हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। बस के ब्रिज से नीचे गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने फंसे यात्रियों को बाहर निकाला
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। बस में फंसे यात्रियों को निकालने के लिए स्थानीय लोगों ने भी मदद की। रेस्क्यू के बाद सभी घायलों को ब्यावरा के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया।अस्पताल में डॉक्टरों ने घायलों का इलाज शुरू किया। गंभीर स्थिति वाले 4 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया गया है।
राज्यमंत्री और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल

हादसे की जानकारी मिलने के बाद राज्यमंत्री नारायण सिंह पंवार और राजगढ़ एसपी अमित तोलानी ब्यावरा सिविल अस्पताल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली।अधिकारियों ने डॉक्टरों से भी घायलों की स्थिति और इलाज के बारे में जानकारी ली। पुलिस मृतकों की पहचान और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।
हादसा कैसे हुआ, जांच में सामने आएगा कारण
हादसे के बाद पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए हैं। फिलहाल बस के अनियंत्रित होकर ब्रिज से नीचे गिरने की वजह स्पष्ट नहीं हुई है।पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि बस अनियंत्रित क्यों हुई और दुर्घटना के पीछे किस वजह की भूमिका रही।