उत्तर प्रदेश के बागपत में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। श्रद्धालुओं से भरी एक कैंटर डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 से ज्यादा श्रद्धालु घायल हुए हैं। सभी लोग राजस्थान के बागड़ धाम में दर्शन करने के बाद बदायूं लौट रहे थे।हादसा रविवार देर रात करीब 1 बजे खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र में बसी और बड़ा गांव के बीच हुआ। कैंटर के पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल पहुंचते ही 6 को मृत घोषित किया
जिला अस्पताल के फार्मासिस्ट मुकेश कुमार के मुताबिक, हादसे के बाद 22 घायलों को अस्पताल लाया गया। इनमें से 18 की हालत को देखते हुए उन्हें मेरठ के हायर सेंटर रेफर किया गया है। डॉक्टरों ने 6 लोगों को मृत घोषित कर दिया।एसपी सूरज कुमार राय के अनुसार, फिलहाल मृतकों में सुगड़पाल यादव (40) और राजेश्वर सिंह (42) की पहचान हुई है। बाकी मृतकों की पहचान की जा रही है।
कैंटर में सो रहे थे श्रद्धालु, अचानक पलट गई गाड़ी
हादसे में घायल कुंवरपाल ने बताया कि सभी श्रद्धालु रात में कैंटर के अंदर सो रहे थे। अचानक तेज आवाज हुई और कैंटर पलट गया। इसके बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।वहीं, ड्राइवर ने बताया कि पीछे से आ रहे एक वाहन ने कैंटर में टक्कर मारी, जिसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हालांकि हादसा किस वजह से हुआ, इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही होगी।
DM-SP अस्पताल पहुंचे, घायलों का जाना हाल
हादसे की सूचना मिलते ही डीएम अस्मिता लाल और एसपी सूरज राय जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और स्वास्थ्य कर्मियों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान के साथ उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया भी जारी है।
राजस्थान के बागड़ धाम से लौट रहे थे
श्रद्धालु राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले के गोगामेड़ी स्थित बागड़ धाम में दर्शन करने गए थे। यह स्थान जाहरवीर बाबा गोगाजी महाराज से जुड़ा प्रमुख धार्मिक स्थल है। अगस्त-सितंबर के दौरान यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं।