भारत के एन. श्रीराम बालाजी और अनिरुद्ध चंद्रशेखर ने मैक्सिको में खेले गए कानकुन कंट्री टेनिस ओपन का डबल्स खिताब अपने नाम कर लिया। भारतीय जोड़ी ने फाइनल में मैक्सिको के मिगुएल एंजेल रेयेस-वरेला और बेलारूस के इवान ल्युटारेविच को 6-3, 7-6(4) से हराया।
इस जीत के साथ दोनों खिलाड़ियों को 125-125 ATP रैंकिंग पॉइंट्स मिले। इसके अलावा विजेता जोड़ी को 9,900 डॉलर यानी करीब 9.5 लाख रुपये की इनामी राशि मिली।
पहले सेट में 6-3 से बनाई बढ़त
फाइनल में भारतीय जोड़ी ने शुरुआत से ही मजबूत खेल दिखाया। पहले सेट में दोनों जोड़ियों के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, लेकिन बालाजी और अनिरुद्ध ने अहम मौकों पर बढ़त बनाते हुए सेट 6-3 से जीत लिया। भारतीय खिलाड़ियों ने पहली सर्विस पर 68% और दूसरी सर्विस पर 81% अंक हासिल किए। इससे उन्हें मुकाबले में लगातार बढ़त बनाए रखने में मदद मिली।
टाईब्रेकर में जीता दूसरा सेट
दूसरे सेट में भी मुकाबला बराबरी का रहा और दोनों जोड़ियां 6-6 की स्थिति तक पहुंचीं। इसके बाद सेट का फैसला टाईब्रेकर में हुआ। बालाजी और अनिरुद्ध ने टाईब्रेकर में 7-4 से जीत दर्ज की और दूसरा सेट 7-6(4) से अपने नाम कर लिया। इसके साथ ही भारतीय जोड़ी ने कानकुन ओपन का खिताब जीत लिया।
अनिरुद्ध का 11वां, बालाजी का 15वां चैलेंजर खिताब
कानकुन की जीत अनिरुद्ध चंद्रशेखर के लिए चैलेंजर सर्किट का 11वां खिताब है। 2026 में यह उनका दूसरा चैलेंजर खिताब है। इससे पहले उन्होंने जापान के ताकेरू युजुकी के साथ बुसान ATP चैलेंजर 125 का खिताब जीता था। वहीं, बालाजी के लिए यह 2026 का पांचवां चैलेंजर खिताब है। इससे पहले साल के उनके चार खिताब ऑस्ट्रिया के नील ओबरलाइटनर के साथ आए थे। कानकुन में जीत के बाद बालाजी के चैलेंजर सर्किट खिताबों की संख्या 15 हो गई है।
रनर-अप जोड़ी को मिले 75 पॉइंट्स
फाइनल में हारने वाली रेयेस-वरेला और ल्युटारेविच की जोड़ी को 75 ATP रैंकिंग पॉइंट्स मिले। इसके अलावा दोनों खिलाड़ियों को कुल 5,760 डॉलर यानी करीब 4.8 लाख रुपये की इनामी राशि मिली।