सेंट लुइस में खेले जा रहे ग्रैंड चेस टूर फाइनल्स 2026 के खिताबी मुकाबले में फैबियानो कारुआना ने भारत के आर. प्रज्ञानानंदा को हरा दिया। फाइनल के पहले क्लासिकल गेम में कारुआना ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजी अपने नाम की। इस जीत के साथ अमेरिकी ग्रैंडमास्टर ने मैच में 6-0 की बढ़त बना ली है। अब दोनों के बीच दूसरा क्लासिकल गेम 26 अगस्त को खेला जाएगा।
28वीं चाल ने बदला पूरा खेल
कारुआना और प्रज्ञानानंदा के बीच मुकाबला काफी देर तक बराबरी का रहा। दोनों खिलाड़ी संभलकर चालें चल रहे थे और लंबे समय तक किसी को स्पष्ट बढ़त नहीं मिल रही थी। कारुआना ने बताया कि 26वीं चाल के आसपास वह अपनी स्थिति को संभालने की कोशिश कर रहे थे। इसके बाद प्रज्ञानानंदा से 28वीं चाल में हुई गलती ने मुकाबले का रुख बदल दिया। कारुआना ने इस मौके का फायदा उठाया और कुछ ही चालों में निर्णायक स्थिति हासिल कर ली। इसके बाद प्रज्ञानानंदा के लिए वापसी करना मुश्किल हो गया और कारुआना ने पहला क्लासिकल गेम जीत लिया।
2018 के बाद पहली क्लासिकल जीत
कारुआना के लिए यह जीत इसलिए भी खास रही क्योंकि ग्रैंड चेस टूर फाइनल्स में 2018 के बाद यह उनकी पहली क्लासिकल गेम जीत है। मैच में 6 अंकों की बढ़त हासिल करने के बाद कारुआना की स्थिति मजबूत हो गई है। हालांकि, दूसरा गेम उनके लिए आसान नहीं होगा। उन्हें इस मुकाबले में काले मोहरों से खेलना है। ऐसे में प्रज्ञानानंदा के पास वापसी का मौका रहेगा।
कीमर और वेस्ली सो का मुकाबला ड्रॉ
तीसरे स्थान के मुकाबले में विंसेंट कीमर और वेस्ली सो के बीच पहला क्लासिकल गेम ड्रॉ रहा। दोनों खिलाड़ियों ने जटिल स्थिति में काफी देर तक एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी। अंत में रूक एंडगेम में मुकाबला बराबरी पर खत्म हुआ। इस ड्रॉ के बाद दोनों खिलाड़ियों का स्कोर 3-3 है। कीमर ने मुकाबले से पहले प्रज्ञानानंदा के खिलाफ मिली हार का भी जिक्र किया। उनका कहना था कि नया मैच शुरू होने से उन्हें दोबारा अपना ध्यान केंद्रित करने में मदद मिली। हालांकि लंबे टूर्नामेंट की वजह से खिलाड़ियों पर थकान का असर भी दिखाई दे रहा है।
आज फिर आमने-सामने होंगे खिलाड़ी
कारुआना-प्रज्ञानानंदा और कीमर-वेस्ली सो के बीच दूसरा क्लासिकल गेम 26 अगस्त को भारतीय समयानुसार रात 10:30 बजे खेला जाएगा।अगर क्लासिकल गेम के बाद स्कोर बराबर रहता है तो बोनस टाई-ब्रेकर का सहारा लिया जा सकता है। इसके बाद गुरुवार को रैपिड और ब्लिट्ज मुकाबले खेले जाएंगे।
4.5 लाख डॉलर की इनामी राशि
ग्रैंड चेस टूर फाइनल्स 2026 का आयोजन 22 से 27 अगस्त तक सेंट लुइस में किया जा रहा है। टूर्नामेंट की कुल इनामी राशि 4.5 लाख डॉलर है, जबकि चैंपियन बनने वाले खिलाड़ी को 2 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि मिलेगी। पहले गेम में मिली हार के बाद अब सभी की नजरें प्रज्ञानानंदा पर हैं। दूसरे क्लासिकल गेम में उन्हें न सिर्फ कारुआना की बढ़त को रोकना होगा, बल्कि मुकाबले में वापसी के लिए भी मजबूत रणनीति के साथ उतरना होगा।