भारतीय महिला हॉकी टीम के शानदार प्रदर्शन के बाद हॉकी इंडिया ने खिलाड़ियों के लिए इनाम का ऐलान किया है। वर्ल्ड कप में 52 साल बाद टॉप-5 में जगह बनाने वाली भारतीय टीम को कुल ₹50 लाख की पुरस्कार राशि दी जाएगी। टीम ने गुरुवार को नीदरलैंड्स के एम्सटेलवीन में खेले गए क्लासिफिकेशन मुकाबले में जर्मनी को 3-1 से हराकर पांचवां स्थान हासिल किया। इनाम की राशि खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के बीच बांटी जाएगी। टीम की हर खिलाड़ी को ₹2 लाख, जबकि सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को ₹1 लाख दिए जाएंगे।
52 साल बाद टॉप-5 में पहुंचा भारत
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. दिलीप टिर्की ने टीम के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि 52 साल बाद वर्ल्ड कप में पांचवें स्थान पर रहना भारतीय महिला हॉकी के लिए बड़ी उपलब्धि है। भारतीय टीम का वर्ल्ड कप में इससे पहले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 1974 में रहा था, जब टीम चौथे स्थान पर रही थी। इसके बाद 2026 में पांचवें स्थान पर रहकर भारत ने एक बार फिर टॉप-5 में जगह बनाई।
दूसरे हाफ में भारत ने दागे 3 गोल
कप्तान सलीमा टेटे की अगुआई में भारतीय टीम ने वर्ल्ड नंबर-5 जर्मनी के खिलाफ शानदार खेल दिखाया। मुकाबले के पहले दो क्वार्टर में कोई गोल नहीं हुआ, लेकिन दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने आक्रामक खेल दिखाया। इशिका ने 42वें मिनट में भारत का पहला गोल किया। इसके बाद नवनीत कौर ने 44वें और 47वें मिनट में लगातार दो गोल दागे। भारत 3-0 से आगे हो गया। जर्मनी की लिन क्रिंग्स ने 58वें मिनट में एक गोल जरूर किया, लेकिन भारतीय टीम ने 3-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ एक हार
भारत ने टूर्नामेंट की शुरुआत चीन के खिलाफ 2-2 से ड्रॉ के साथ की थी। इसके बाद टीम ने साउथ अफ्रीका को 6-1 से हराया, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबला गोलरहित ड्रॉ रहा। पूल-D में दूसरे स्थान पर रहने के बाद भारतीय टीम टॉप-8 स्टेज में पहुंची। टॉप-8 में भारत को नीदरलैंड्स के खिलाफ 0-2 से हार मिली। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ जीत जरूरी थी, लेकिन यह मुकाबला भी 0-0 से ड्रॉ रहा।
भारत ने किए 11 गोल
पूरे टूर्नामेंट में भारतीय टीम ने कुल 11 गोल किए और 6 गोल खाए। टीम की ओर से सात अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल किए। नवनीत कौर चार गोल के साथ भारत की टॉप स्कोरर रहीं। वहीं दीपिका ने दो गोल किए। जर्मनी के खिलाफ जीत के बाद भारतीय टीम ने वर्ल्ड कप में पांचवां स्थान हासिल किया, जो लंबे अंतराल के बाद देश के लिए एक बड़ी उपलब्धि रही।