तेलंगाना में भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 6 की मौत; 5 महिलाएं शामिल

तेलंगाना में भीषण सड़क हादसा, बस-ट्रक की टक्कर में 6 की मौत; 5 महिलाएं शामिल

तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें 6 लोग मारे गए और 12 घायल हुए।

Image not available

भीषण सड़क हादसा

तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के एलुरु जा रही इलेक्ट्रिक बस ने पीछे से ट्रक को टक्कर मार दी। हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, इनमें 5 महिलाएं हैं। वहीं 12 यात्री घायल हुए हैं। हादसा सुबह करीब 5:15 बजे हैदराबाद-विजयवाड़ा नेशनल हाईवे पर कोडाड मंडल में हुआ। हादसे के समय बस में 43 यात्री सवार थे।

ट्रक में लदे थे भारी लोहे के पिलर

पुलिस के मुताबिक, ट्रक में लोहे के भारी पिलर लदे हुए थे। बस के पीछे से ट्रक में टकराते ही पिलर को बांधकर रखने वाली चेन टूट गई। चेन टूटने के बाद कई भारी पिलर ट्रक से निकलकर बस की दाईं तरफ जा घुसे। बताया गया कि बस के आगे बैठे यात्रियों को इसकी चपेट में आने से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ और इसी वजह से कुछ यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह?

पुलिस ने हादसे की शुरुआती जांच के आधार पर बस की तेज रफ्तार होने की आशंका जताई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या बस से टक्कर से पहले ट्रक सड़क के डिवाइडर से टकराया था। हादसे में घायल हुए 12 लोगों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें से दो घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा स्थित अस्पताल भेजा गया है।

CM रेवंत रेड्डी ने जताया दुख

हादसे की जानकारी मिलने के बाद तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने घटना पर दुख जताया। उन्होंने मुख्य सचिव को घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। पुलिस हादसे की जांच कर रही है। हादसे में जान गंवाने वाले यात्रियों की पहचान और दुर्घटना की परिस्थितियों को लेकर आगे की जानकारी जुटाई जा रही है।