भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने शनिवार को पार्टी की 65 सदस्यीय नई राष्ट्रीय टीम के साथ पहली बैठक की। दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में हुई इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने पर चर्चा हुई। बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, युवाओं को पार्टी से जोड़ने और सरकार की योजनाओं को ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की रणनीति पर भी मंथन किया गया।
पूरे छह अंतरे गाए गए
बैठक की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ से हुई। इस दौरान इसके सभी छह अंतरे गाए गए। नई राष्ट्रीय टीम के सदस्य भी इस दौरान मौजूद रहे। नितिन नवीन शनिवार दोपहर भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, प्रदेश अध्यक्षों और प्रदेश प्रभारियों के साथ भी बैठक करेंगे। इसमें राज्यों में संगठन की स्थिति और आगामी चुनावों की तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना है।
209 दिन बाद नई टीम का ऐलान
नितिन नवीन के भाजपा अध्यक्ष बनने के 209 दिन बाद 17 अगस्त को नई राष्ट्रीय कार्यकारिणी का ऐलान किया गया था। 65 सदस्यीय टीम में 51 नए चेहरों को जगह दी गई है। नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिव शामिल हैं। नितिन नवीन के अध्यक्ष बनने के बाद इसे पार्टी में बड़ा संगठनात्मक बदलाव माना जा रहा है।
कई पुराने चेहरों की वापसी
नई टीम में स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी हुई है। इसके अलावा वसुंधरा राजे, बैजयंत पांडा और तीरथ सिंह रावत जैसे अनुभवी नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। विनोद तावड़े और सुनील बंसल को राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। वहीं पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और बीएल संतोष को संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है।
IT सेल में बदलाव
भाजपा युवा मोर्चा की जिम्मेदारी हेमांग जोशी को दी गई है। उन्होंने तेजस्वी सूर्या की जगह ली है। वहीं अमित मालवीय की जगह दीपक म्हास्के को पार्टी की IT सेल की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नई जिम्मेदारियों के साथ पार्टी का जोर संगठन में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और डिजिटल माध्यमों के जरिए सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने पर भी रहेगा।
टीम में 12 महिला सदस्य
नितिन नवीन की नई राष्ट्रीय टीम में कुल 12 महिलाओं को शामिल किया गया है। इनमें वसुंधरा राजे, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, वर्षाबेन दोशी, डॉ. भारती पवार और डॉ. मधुचंद्र कर को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है। स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी मिली है। वहीं कविता पाटीदार, फांग्नोन कोन्यक और संगीता यादव को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है।
चुनावों पर नजर
नई टीम की पहली बैठक से भाजपा ने आगामी चुनावों को लेकर अपनी प्राथमिकताएं साफ कर दी हैं। पार्टी का फोकस बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और सरकार की योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने पर रहेगा।