मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दुबई दौरे के तीसरे दिन प्रदेश को 53 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा के निवेश प्रस्ताव मिले। मुख्यमंत्री ने निवेशकों और उद्योगपतियों के साथ वन-टू-वन बैठकें कर मध्यप्रदेश में उपलब्ध कारोबारी संभावनाओं और निवेश के अवसरों की जानकारी दी। दुबई में आयोजित AIM Congress-2026 के दौरान मध्यप्रदेश को निवेश के मोर्चे पर बड़ी सफलता मिली है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने निवेशकों को जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाली Global Investors Summit (GIS-2027) में शामिल होने का न्योता भी दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश निवेशकों के स्वागत के लिए तैयार है।
मध्यप्रदेश असीम संभावनाओं और नए अवसरों की धरती है। दूरी भले हो, लेकिन नवाचार, विकास और साझा समृद्धि का हमारा संकल्प हमें जोड़ता है। मध्यप्रदेश आपको विकास की इस यात्रा में सहभागी बनने के लिए आमंत्रित करता है।#InvestInMP #InvestMP pic.twitter.com/EALHxC7J09
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 8, 2026
MPIDC को मिला ‘Winner Asia’ सम्मान
AIM Congress-2026 में मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) को AIM Investment Awards 2026 में ‘Winner Asia’ के सम्मान से नवाजा गया। यह पुरस्कार निवेश संवर्धन, प्रत्यक्ष विदेशी निवेश आकर्षित करने, रोजगार सृजन, नवाचार और सतत विकास के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए दिया गया। यह सम्मान UAE के विदेश व्यापार मंत्री और AIM Congress के अध्यक्ष डॉ. थानी बिन अहमद अल ज़ेयौदी ने प्रदान किया।
Rana Holdings का 35,200 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने Rana Holdings Limited के चेयरमैन एवं मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. दर्शन सिंह राणा के साथ बैठक की। इसमें ग्रीन हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा, डेटा सेंटर, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग, ई-मोबिलिटी और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। कंपनी ने मध्यप्रदेश में 2,000 मेगावॉट सौर ऊर्जा पोर्टफोलियो, 200 मेगावॉट ग्रीन हाइड्रोजन प्लांट, 50 मेगावॉट क्षमता के AI एवं कंप्यूट डेटा सेंटर, क्रिटिकल मिनरल्स रिकवरी एवं रीसाइक्लिंग कॉम्प्लेक्स और इंटीग्रेटेड स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग हब स्थापित करने में रुचि दिखाई। इन प्रस्तावित परियोजनाओं में करीब 35,200 करोड़ रुपये यानी लगभग 4 बिलियन डॉलर के निवेश की संभावना बताई गई है।
AI और डेटा सेंटर क्षेत्र में भी बड़ा प्रस्ताव
मुख्यमंत्री ने NIDI Services DMCC-SCNELL Investors के प्रतिनिधियों के साथ इंडस्ट्रियल-स्केल AI कंप्यूट कैंपस और Sovereign AI Factory प्रोजेक्ट को लेकर चर्चा की। कंपनी ने 50 मेगावॉट क्षमता वाले AI फैक्ट्री प्रोजेक्ट में करीब 1.5 से 2 बिलियन डॉलर यानी लगभग 18 हजार करोड़ रुपये के निवेश का कॉन्सेप्ट प्रस्तुत किया। भविष्य में इस परियोजना को 100 मेगावॉट से अधिक क्षमता तक विस्तार देने की संभावना भी बताई गई।
शिक्षा से लेकर हेल्थ सेक्टर तक निवेश पर चर्चा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने James Education के चेयरमैन सनी वर्की के साथ K-12 स्कूल, शिक्षक प्रशिक्षण, एडटेक और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप शिक्षा परिसरों की स्थापना पर चर्चा की। वहीं Pure Health के प्रतिनिधियों के साथ मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल, डिजिटल हेल्थ, टेलीमेडिसिन, मेडिकल एवं नर्सिंग शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में निवेश की संभावनाओं पर विचार-विमर्श हुआ।
लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन पर भी फोकस
Sharaf Group के साथ मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स पार्क, वेयरहाउसिंग, कोल्ड-चेन और सप्लाई चेन नेटवर्क के अलावा पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने DP World के CEO रिज़वान सूमार के साथ पवारखेड़ा लॉजिस्टिक्स कॉम्पोजिट हब, मल्टी-मॉडल लॉजिस्टिक्स, निर्यात संवर्धन और मध्यप्रदेश को वैश्विक सप्लाई चेन से जोड़ने को लेकर बातचीत की।वहीं Choithrams के साथ फूड प्रोसेसिंग, कृषि उत्पादों की खरीद, वितरण नेटवर्क और कोल्ड-चेन इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार पर चर्चा हुई।
शारजाह चैंबर के साथ व्यापार और निवेश पर बातचीत
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने Sharjah Chamber of Commerce and Industry के चेयरमैन अब्दुल्ला सुल्तान अल ओवैस के साथ बैठक की। इसमें मध्यप्रदेश और शारजाह के बीच व्यापार, निवेश, टेक्नोलॉजी, SME सहयोग, लॉजिस्टिक्स, फूड प्रोसेसिंग, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, पर्यटन और रिन्यूएबल एनर्जी जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने शारजाह के निवेशकों को मध्यप्रदेश में निवेश के लिए आमंत्रित किया और GIS-2027 में भाग लेने का निमंत्रण दिया।
BEEAH के साथ वेस्ट-टू-एनर्जी पर चर्चा
मुख्यमंत्री ने शारजाह स्थित BEEAH के मुख्यालय और उसकी सस्टेनेबिलिटी सुविधाओं का भी अवलोकन किया। BEEAH के CEO एवं वाइस चेयरमैन खालिद अलहुरैमल के साथ बैठक में वेस्ट-टू-एनर्जी, इंटीग्रेटेड सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, सर्कुलर इकोनॉमी, स्मार्ट सिटी और हरित ऊर्जा से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर चर्चा हुई। इंदौर मॉडल आधारित सहयोग और मध्यप्रदेश में शहरी स्वच्छता एवं ऊर्जा परियोजनाओं में भागीदारी की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
Emaar को भी MP में निवेश का न्योता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने Emaar Properties के संस्थापक एवं मैनेजिंग डायरेक्टर मोहम्मद अलाब्बार से मुलाकात की। बैठक में इंदौर की Emaar Continental City परियोजना का उल्लेख करते हुए मध्यप्रदेश में Emaar के योगदान की सराहना की गई। मुख्यमंत्री ने Emaar को इंदौर-पीथमपुर-उज्जैन डेवलपमेंट कॉरिडोर सहित राज्य में इंटीग्रेटेड मिक्स्ड-यूज अर्बन प्रोजेक्ट्स, टाउनशिप, हॉस्पिटैलिटी और आधुनिक शहरी विकास परियोजनाओं में निवेश के लिए आमंत्रित किया।
MP में निवेश के लिए मुख्यमंत्री का सीधा संदेश- Welcome to MP
दुबई में आयोजित ‘Invest in Madhya Pradesh: Interactive Session’ में UAE के उद्योगपति, निवेशक, व्यापारिक संगठनों, CII UAE, IBPC और प्रवासी भारतीय उद्यमियों ने हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश निवेश सुगमता, औद्योगिक इंफ्रास्ट्रक्चर, पर्याप्त भूमि, बेहतर लॉजिस्टिक्स और निवेश-अनुकूल नीतियों के कारण निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बन रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश आज 11 प्रतिशत से अधिक आर्थिक विकास दर के साथ देश के प्रमुख विकास इंजनों में शामिल है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, पिछले ढाई वर्षों में राज्य को 34 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 30 प्रतिशत से ज्यादा प्रोजेक्ट्स धरातल पर उतर चुके हैं।
इन सेक्टरों में निवेश के बड़े अवसर
मुख्यमंत्री ने कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण, टेक्सटाइल, फार्मास्यूटिकल्स, मेडिकल डिवाइस, ऑटोमोबाइल, एडवांस्ड मैन्युफैक्चरिंग, ग्रीन एनर्जी, IT, AI, डेटा सेंटर, इलेक्ट्रॉनिक्स और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में निवेश की संभावनाओं को सामने रखा। उन्होंने प्रदेश के लैंड बैंक, मजबूत सड़क एवं रेल नेटवर्क, 8 एक्टिव एयरपोर्ट, निवेश-अनुकूल नीतियों और सिंगल विंडो सिस्टम की जानकारी भी निवेशकों को दी।
GIS-2027 के लिए निवेशकों को न्योता
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी निवेशकों और उद्योगपतियों को जनवरी 2027 में भोपाल में होने वाली Global Investors Summit-2027 में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश भारत का हृदय है और निवेशकों का स्वागत भी हृदय से करेगा। दुबई दौरे के दौरान हुए निवेश प्रस्तावों और उद्योग समूहों के साथ हुई बैठकों को प्रदेश में औद्योगिक विकास, रोजगार और नई तकनीक के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।