imran-khan-health-warning-jail-eye-sight-risk-pti

जेल में इमरान खान की आंखों पर खतरा: PTI की चेतावनी– तुरंत इलाज नहीं हुआ तो जा सकती है रोशनी

By : Shital Sharma
जेल में इमरान खान की आंखों पर खतरा: PTI की चेतावनी– तुरंत इलाज नहीं हुआ तो जा सकती है रोशनी
पाकिस्तान की राजनीति में एक बार फिर हलचल है, लेकिन इस बार वजह बयान या चुनाव नहीं, बल्कि जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की सेहत है। उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने गंभीर चेतावनी जारी की है कि अगर इमरान खान को तुरंत सही इलाज नहीं मिला, तो उनकी एक आंख की रोशनी हमेशा के लिए जा सकती है। यहां तक कहा गया है कि अंधे होने का खतरा भी है।

PTI का दावा: आंख की बीमारी बेहद गंभीर

पाकिस्तानी अखबार DAWN की रिपोर्ट के मुताबिक PTI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी कर कहा है कि इमरान खान की दाहिनी आंख में सेंट्रल रेटिनल वेन ऑक्लूजन (CRVO) नाम की गंभीर बीमारी पाई गई है। पार्टी का कहना है कि जेल में मौजूद डॉक्टरों ने भी इस बीमारी को संवेदनशील और खतरनाक बताया है। मेडिकल एक्सपर्ट्स की राय है कि अगर समय पर और सही इलाज नहीं हुआ, तो आंखों की रोशनी स्थायी रूप से जा सकती है।

जेल प्रशासन पर लगाए आरोप

PTI का आरोप है कि मेडिकल सलाह के बावजूद रावलपिंडी की अडियाला जेल का प्रशासन इमरान खान का इलाज जेल के भीतर ही कराने पर अड़ा हुआ है। पार्टी ने डॉक्टरों के हवाले से कहा है कि CRVO जैसी बीमारी के इलाज के लिए ऑपरेशन थिएटर और विशेष मेडिकल सुविधाओं की जरूरत होती है, जो अडियाला जेल में उपलब्ध नहीं हैं।

अस्पताल शिफ्ट करने की मांग

PTI ने मांग की है कि इमरान खान को तुरंत किसी बड़े और सुविधासंपन्न अस्पताल में शिफ्ट किया जाए। पार्टी ने विशेष रूप से शौकत खानम अस्पताल का नाम लिया है, जहां उनका भरोसेमंद इलाज हो सकता है। इसके साथ ही PTI ने यह भी मांग की है कि इमरान खान को अपने परिवार और करीबी लोगों से बिना किसी रोक-टोक मिलने दिया जाए।

अगस्त 2023 से जेल में बंद हैं इमरान

गौरतलब है कि इमरान खान को अगस्त 2023 में पुलिस ने गिरफ्तार किया था। तब से वे जेल में बंद हैं। उनकी सेहत को लेकर पहले भी समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं, लेकिन आंखों की बीमारी को लेकर पार्टी की यह चेतावनी अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा का विषय बन रही है।

Advertisement

UK Add नीति आयोग द्वारा जारी 03 on 25 Aug 2026