महाराष्ट्र के नागपुर जिले के गोधनी इलाके में क्लोरीन गैस लीक होने से हड़कंप मच गया। गोधनी ग्राम पंचायत क्षेत्र स्थित महाराष्ट्र जीवन प्राधिकरण के वॉटर प्यूरिफिकेशन प्लांट में सोमवार देर रात जहरीली गैस का रिसाव हुआ। गैस के संपर्क में आने से 40 से ज्यादा लोग प्रभावित हुए हैं, जिनमें कई लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई।
रात करीब 12:45 बजे मिली गैस रिसाव की सूचना
मानकपुर पुलिस के मुताबिक, सोमवार रात करीब 12:45 बजे प्लांट से क्लोरीन गैस लीक होने की सूचना मिली। जानकारी मिलते ही पुलिस, नगर निगम की फायर ब्रिगेड और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंच गए। आसपास के लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया।
200 मीटर का इलाका नो-मैन्स-लैंड घोषित
गैस के प्रभाव को देखते हुए प्लांट के आसपास करीब 200 मीटर के क्षेत्र को नो-मैन्स-लैंड घोषित कर दिया गया। इलाके में बैरिकेडिंग कर लोगों की आवाजाही रोक दी गई। स्थानीय निवासियों को घर खाली कर सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी गई।
NDRF और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए NDRF और नगर निगम की फायर ब्रिगेड की टीमों ने संयुक्त अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार गैस रिसाव को करीब 90 प्रतिशत तक नियंत्रित कर लिया गया है। प्रभावित क्षेत्र में राहत और बचाव कार्य जारी रहा।
चार लोग ICU में, 12 को मिली छुट्टी
गैस के संपर्क में आए 40 से ज्यादा लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। इनमें से तीन से चार लोगों का इलाज ICU में चल रहा है, हालांकि सभी की हालत स्थिर बताई गई है। वहीं, 12 लोगों को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
एक कुत्ते की मौत
पुलिस के अनुसार घटना में एक कुत्ते की भी मौत हुई है। फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और घबराने से बचने की अपील की है।