क्या बचपन के दोस्त यानी भाई या बहन से किसी वजह से बातचीत बंद है? इस रक्षाबंधन पुरानी अनबन को भूलने का सबसे सही समय है। 5 आसान टिप्स 28 अगस्त को राखी के दिन आप दोनों के बीच की दूरियां मिटाकर रिश्ते को मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं। 28 अगस्त को रक्षाबंधन का त्योहार है। हर तरफ खुशियों का माहौल है, हर कोई अपने भाई या बहन के लिए गिफ्ट खरीद रहा है, लेकिन क्या आपके दिल के किसी कोने में उदासी है? क्या बचपन में जिस भाई या बहन के बिना आपका एक पल नहीं कटता था, आज किसी पुरानी बात की वजह से उनसे बातचीत बंद है? ऐसा सिर्फ आपके साथ नहीं, बल्कि कई घरों में देखने को मिलता है। उम्र बढ़ने के साथ विचार बदलते हैं और कभी-कभी छोटी सी गलतफहमी बड़ी दूरी बन जाती है। लेकिन राखी का दिन इस पुरानी कड़वाहट को हमेशा के लिए मिटाने का सबसे परफेक्ट मौका है। अगर आप भी इस रक्षाबंधन अपने रिश्ते में फिर से वही पुरानी मिठास घोलना चाहते हैं, तो एक्सपर्ट्स के बताए 5 सिंपल टिप्स आपके लिए कमाल कर सकते हैं।
ईगो को साइड रखें, खुद करें शुरुआत
अक्सर भाई-बहन के झगड़े में सबसे बड़ी दीवार ईगो यानी अहंकार बन जाता है। ज्यादातर लोग सोचते हैं कि 'गलती तो उसकी थी, मैं क्यों झुकूं? पहले वो बात करेगी, तभी मैं जवाब दूंगा।ट लेकिन सच तो ये है कि अपनों के साथ इस हार-जीत के खेल में हम सिर्फ अपना खूबसूरत रिश्ता हार रहे होते हैं। अगर आप सच में इस रिश्ते को बचाना चाहते हैं, तो इस रक्षाबंधन अपने ईगो को साइड में रख दें. ये मत सोचिए कि पहल कौन करेगा या कौन छोटा हो जाएगा। अपना फोन उठाएं या सामने जाएं और बस एक स्माइल के साथ बात शुरू करें। आपकी एक पहल रिश्ते की जमी हुई बर्फ पिघला सकती है।
पुरानी बातों का 'पोस्टमार्टम' न करें
एक्सपर्ट्स कहते हैं, जब भी बात शुरू करें, तो सिर्फ आज और आने वाले कल की बात करें। 'तुमने उस दिन ऐसा कहा था' या 'गलती तुम्हारी थी', इन बातों को बिल्कुल भूल जाएं। पुरानी शिकायतों की फाइल खोलने से सिर्फ नई बहस शुरू होगी और त्योहार का मूड खराब होगा। इसलिए जो बीत गया, उसे वहीं छोड़ दें। आपका पूरा फोकस सिर्फ आज पर और इस बात पर होना चाहिए कि आगे रिश्ते को कैसे अच्छा रखना है। इस राखी पुरानी कड़वाहट को भूलकर सिर्फ प्यार भरी नई शुरुआत करने पर जोर दें।
मैसेज से करें शुरुआत
अगर आमने-सामने बैठकर बात करने में अजीब लग रहा है या हिचकिचाहट हो रही है, तो एक प्यारा सा मैसेज भेज दें। आप लिख सकते हैं- 'मुझे पता है कि हमारे बीच सब ठीक नहीं चल रहा और हम बात नहीं कर रहे हैं, लेकिन आज राखी है और मैं तुम्हें सच में बहुत मिस कर रहा या रही हूं। हैप्पी रक्षाबंधन!' आप चाहें तो इसके साथ बचपन की कोई पुरानी फोटो या फनी इमोजी भी भेज सकते हैं। ये मैसेज सामने वाले के दिल तक सीधा पहुंचेगा और उनके लिए भी रिप्लाई करना आसान हो जाएगा।
पसंदीदा खाने का जादू
कहते हैं कि दिल का रास्ता पेट से होकर जाता है। अगर बोलकर बात सुलझाना मुश्किल लग रहा है, तो चुपचाप अपने भाई या बहन की पसंद की कोई डिश बना लें या बाजार से उनकी सबसे फेवरेट मिठाई और चॉकलेट ले, उनके पास जाएं और प्लेट उनके सामने रख दें। जब आप दोनों साथ बैठकर वो खाना खाएंगे, तो आपको किसी भी सफाई या बातचीत की जरूरत नहीं पड़ेगी। साथ खाया गया वो एक निवाला बिना कुछ कहे ही सारी नाराजगी दूर कर देगा और घर का माहौल एकदम हल्का हो जाएगा।
एक सॉरी जो सब ठीक कर दे
कई बार झगड़े में ताली दोनों हाथों से बजती है। अगर आप शांति से सोचें और आपको लगे कि उस लड़ाई में थोड़ी-सी गलती आपकी भी थी, तो सॉरी बोलने में बिल्कुल भी कंजूसी न करें। अक्सर हमें लगता है कि माफी मांगने से हम छोटे हो जाएंगे या हमारी अहमियत कम हो जाएगी। लेकिन असल जिंदगी में सॉरी बोलने के लिए बहुत हिम्मत चाहिए होती है। जब आप अपनी गलती मान लेते हैं, तो सामने वाले का गुस्सा अपने आप शांत हो जाता है और उनकी नजरों में आपकी इज्जत कहीं ज्यादा बढ़ जाती है। बस एक बार दिल से सॉरी कहें और उन्हें कसकर गले लगा लें। भाई-बहन की ये एक छोटी सी झप्पी आपके रिश्ते की सारी उलझनों को हमेशा के लिए सुलझा देगी।