मुंबई। कल की तेज गिरावट के बाद शेयर बाजार में आज यानी 10 सितंबर को कारोबार की शुरुआत फिलहाल सपाट रही। सेंसेक्स 74,800 और निफ्टी 23,450 के आसपास कारोबार कर रहे हैं। बैंकिंग और एनर्जी शेयरों में खरीदारी बाजार को सपोर्ट दे रही है, जबकि ऑटो और फार्मा सेक्टर में दबाव देखने को मिल रहा है।
कल 813 अंक टूटा था सेंसेक्स
बुधवार यानी 9 सितंबर को बाजार में भारी बिकवाली रही थी। सेंसेक्स 813 अंक गिरकर 74,764 पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 204 अंक की गिरावट के साथ 23,432 के स्तर पर बंद हुआ।ऐसे में आज निवेशकों की नजर इस बात पर है कि बाजार शुरुआती सपाट कारोबार के बाद रिकवरी पकड़ता है या फिर बिकवाली का दबाव दोबारा बढ़ता है।
एशियाई बाजार भी लाल निशान में
आज एशियाई बाजारों में भी दबाव देखने को मिल रहा है। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.83%, जापान का निक्केई 0.75% और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग 1.35% नीचे कारोबार कर रहा है।इससे पहले अमेरिकी बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए थे। डाउ जोन्स 0.77%, नैस्डैक 0.64% और S&P 500 0.48% फिसला था।
DII की खरीदारी जारी
बाजार में घरेलू संस्थागत निवेशकों यानी DII का सपोर्ट बना हुआ है। पिछले 7 दिनों में DII ने करीब ₹12,356 करोड़ के शेयर खरीदे हैं। वहीं, पिछले 30 दिनों में उनकी खरीदारी ₹73,759 करोड़ रही।दूसरी तरफ विदेशी निवेशकों यानी FII/FPI ने पिछले 7 दिनों में ₹3,538 करोड़ की बिकवाली की है। पिछले 30 दिनों में विदेशी निवेशकों की शुद्ध बिकवाली ₹10,705 करोड़ रही है।