दिग्गज अभिनेत्री और भारत की पहली महिला मिमिक्री आर्टिस्ट आशा सिंह जायसवाल का निधन हो गया है। उन्होंने 22 अगस्त को शाम करीब 7:30 बजे अंतिम सांस ली। उनके बेटे आकाश भारद्वाज ने पोस्ट शेयर कर इस बात की जानकारी दी। आशा को भारत की पहली महिला मिमिक्री आर्टिस्ट माना जाता है। वे हिंदी सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस मीना कुमारी की आवाज की नकल करने के लिए पहचानी जाती थीं।
मीना कुमारी की आवाज की नकल से मिली पहचान
आशा सिंह को मशहूर अभिनेत्री मीना कुमारी की आवाज और अंदाज की मिमिक्री के लिए खास पहचान मिली थी। उन्होंने अपने काम के जरिए मिमिक्री की दुनिया में अलग मुकाम बनाया था।
‘महाभारत’ में कृपी के किरदार में आई थीं नजर
आशा सिंह जायसवाल अभिनय में भी सक्रिय रहीं। वह बीआर चोपड़ा की चर्चित टीवी सीरीज ‘महाभारत’ में द्रोणाचार्य की पत्नी कृपी के किरदार में नजर आई थीं। अभिनय के साथ-साथ उन्होंने मिमिक्री आर्टिस्ट के तौर पर भी अपनी पहचान कायम रखी। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर है।
बेटे आकाश ने कहा- मां के लिए काम ही सब कुछ था
आशा सिंह के बेटे आकाश भारद्वाज ने अपनी पोस्ट में बताया कि उनकी मां के लिए उनका काम ही सब कुछ था। उन्होंने लोगों से अपील की कि सोशल मीडिया पर आशा सिंह के पुराने काम को देखें और उन्हें याद रखें। आकाश के मुताबिक, उनकी मां का संदेश था कि मृत्यु के दुख में डूबने के बजाय जीवन और यादों को आनंद के साथ याद किया जाना चाहिए।
‘आशा इवेंट्स एंड फिल्म्स’ की थीं फाउंडर
आशा सिंह जायसवाल सिर्फ कलाकार ही नहीं, बल्कि एक उद्यमी भी थीं। उन्होंने ‘आशा इवेंट्स एंड फिल्म्स’ नाम की कंपनी की स्थापना की थी और इसके जरिए सांस्कृतिक एवं मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रम आयोजित करती थीं। बताया गया कि जीवन के आखिरी दिनों तक वह अपने काम से जुड़ी रहीं। उनका अंतिम संस्कार रविवार सुबह करीब 10 बजे मुंबई के विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान घाट पर किया गया।