कृति सेनन इन दिनों अपनी फिल्म 'कॉकटेल 2' को लेकर चर्चा में हैं। इसी बीच उनका एक रक्षाबंधन से जुड़ा ज्वेलरी एड सोशल मीडिया पर विवादों में आ गया है। एड में कृति इंडो-वेस्टर्न आउटफिट में नजर आ रही हैं, जिसमें ब्रालेट से प्रेरित ब्लाउज-केप और ड्रैप्ड स्कर्ट शामिल है। इस लुक को लेकर सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने आपत्ति जताई और इसे रक्षाबंधन जैसे त्योहार के अनुरूप नहीं बताया।
कंगना रनौत ने बिना नाम लिए साधा निशाना

एड को लेकर अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए बिना कृति का नाम लिए सवाल उठाया कि जब महिलाओं के पास पहनावे के इतने विकल्प हैं, तो भाई को राखी बांधते समय बिकिनी या अंडरगारमेंट्स जैसा लुक क्यों चुना गया। कंगना ने एड को लेकर कड़ी आपत्ति जताते हुए इसे जानबूझकर विवाद पैदा करने वाला बताया।
कृति के आउटफिट पर यूजर्स ने भी जताई नाराजगी
कृति सेनन के इस बवाली विज्ञापन पर कंगना रनौत का बहुप्रतीक्षित बयान आ गया है.
— अभिषेक 'अजनबी' ✍🏻 (@abhishekAZNABI) August 25, 2026
पूछ रही हैं कि ब्रा पहनकर अपने भाई को बांधेंगी? कहा- Ad क्रीप लग रहा है.
जबकि कृति ने ब्रा या बिकिनी नहीं, बल्कि ब्रालेट स्टाइल ब्लाउज पहन रखा है.
खै़र जितना प्रचार कृति ने नहीं किया उससे ज्यादा विरोध… pic.twitter.com/y6o9lwsXoX
कृति के इस विज्ञापन को लेकर सोशल मीडिया यूजर्स की प्रतिक्रियाएं भी सामने आई हैं। कुछ यूजर्स ने सवाल किया कि रक्षाबंधन के मौके पर विज्ञापन में पारंपरिक पूजा और राखी से जुड़े तत्वों की जगह इस तरह का ग्लैमरस लुक क्यों दिखाया गया। वहीं कुछ लोगों ने इसे ब्रांड की ओर से जानबूझकर बनाया गया भड़काऊ विज्ञापन बताया। हालांकि, सोशल मीडिया पर इस एड को लेकर अलग-अलग तरह की राय देखने को मिल रही है।
त्योहारों की प्रस्तुति और विज्ञापन पर छिड़ी बहस
कृति सेनन का यह विज्ञापन अब सिर्फ उनके आउटफिट तक सीमित नहीं रहा, बल्कि त्योहारों की विज्ञापनों में प्रस्तुति को लेकर भी बहस शुरू हो गई है। एक तरफ कुछ लोग रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार में भारतीय परिधान और संस्कृति को प्राथमिकता देने की बात कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर विज्ञापनों में आधुनिक फैशन और रचनात्मक स्वतंत्रता के पक्ष में भी राय सामने आ रही है। इस विवाद के बीच कंगना की टिप्पणी ने मामले को और सुर्खियों में ला दिया है।