बॉलीवुड अभिनेत्री करीना कपूर खान और साउथ स्टार पृथ्वीराज सुकुमारन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘दायरा’ का दमदार ट्रेलर रिलीज हो गया है। मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी यह थ्रिलर फिल्म कानून, न्याय और पुलिस की जवाबदेही के बीच के टकराव को पर्दे पर उतारती नजर आ रही है। ट्रेलर में करीना और पृथ्वीराज दो ऐसे पुलिस अधिकारियों की भूमिका में दिखाई दे रहे हैं, जिनके बीच नाबालिगों से जुड़े गंभीर अपराध के एक मामले को लेकर टकराव पैदा हो जाता है।
फिल्म की कहानी जैसे-जैसे आगे बढ़ती है, ड्यूटी और न्याय की अलग-अलग परिभाषाओं के बीच दोनों अधिकारियों की जंग और गहरी होती जाती है। एक विवादित पुलिस एनकाउंटर की जांच इस पूरे घटनाक्रम का केंद्र बनती है।
क्या है ‘दायरा’ की कहानी?
करीना कपूर खान फिल्म में DCP अजूनी कोहली का किरदार निभा रही हैं, जबकि पृथ्वीराज सुकुमारन DCP रमन कुमार की भूमिका में नजर आएंगे। ट्रेलर की शुरुआत एक पुलिस एनकाउंटर से जुड़े मामले को लेकर दोनों अधिकारियों के अलग-अलग नजरिए से होती है।
जांच आगे बढ़ने के साथ ही दोनों के बीच मतभेद खुलकर सामने आने लगते हैं। मामला उस वक्त और पेचीदा हो जाता है, जब एक परिवार अपनी लापता बेटी को खोजने में पुलिस से मदद की गुहार लगाता है।
जांच के दौरान एक ऐसे आरोपी के बारे में भी जानकारी सामने आती है, जिसके कथित तौर पर पिछले दो वर्षों से उसी रास्ते पर सक्रिय होने की बात सामने आती है। इसके बाद जांच की दिशा कई सवालों और संदेहों से घिरती नजर आती है।
नाबालिग अपराधियों के कानून पर भी सवाल
‘दायरा’ का ट्रेलर केवल एक अपराध की जांच तक सीमित नहीं है, बल्कि नाबालिग आरोपियों से जुड़े कानूनी प्रावधानों पर भी गंभीर सवाल खड़े करता है। फिल्म में यह बहस प्रमुख रूप से उभरती है कि रेप और हत्या जैसे जघन्य अपराधों के आरोपी नाबालिगों के मामलों में बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानून किस हद तक लागू होने चाहिए।

करीना और पृथ्वीराज के किरदारों की असहमति भी सिर्फ एक मामले तक सीमित नहीं रहती। दोनों अधिकारी एक-दूसरे की कार्यप्रणाली, जवाबदेही और पुलिस अधिकारी के रूप में अपनी जिम्मेदारियों की सीमाओं को लेकर सवाल उठाते दिखाई देते हैं।
सच्ची घटनाओं से प्रेरित है फिल्म
यश केसवानी, सीमा अग्रवाल और मेघना गुलजार द्वारा लिखी गई ‘दायरा’ सच्ची घटनाओं पर आधारित बताई गई है। फिल्म यह दिखाने की कोशिश करती है कि किसी बड़े अपराध के बाद जनता में किस तरह आक्रोश पैदा होता है और उसके बाद जांच की कई परतें सामने आने लगती हैं।
फिल्म में जितेंद्र जोशी, क्षिति जोग, कंवलजीत सिंह, संदीप कुलकर्णी और तृप्ति खामकर भी अहम सहायक भूमिकाओं में नजर आएंगे। मेघना गुलजार के निर्देशन में बनी ‘दायरा’ 18 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।