सोशल मीडिया पर इन दिनों AI का एक नया रेट्रो ट्रेंड तेजी से वायरल हो रहा है। इस ट्रेंड में लोग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से अपनी तस्वीरों को 80s के दौर के फैशन और स्टाइल में बदलकर सोशल मीडिया पर शेयर कर रहे हैं। आम लोगों के साथ बॉलीवुड और टीवी से जुड़े कई सेलेब्स भी इस ट्रेंड का हिस्सा बन चुके हैं।
कियारा-सिद्धार्थ का रेट्रो अंदाज

कियारा आडवाणी ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पति सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ AI से तैयार की गई तस्वीर शेयर की। तस्वीर में दोनों का अंदाज पूरी तरह 80s के दौर का नजर आ रहा है। सिद्धार्थ मल्होत्रा डबल-डेनिम लुक में दिखाई दिए। उन्होंने डार्क एविएटर सनग्लासेस के साथ अपने रेट्रो लुक को पूरा किया। वहीं कियारा आडवाणी रंगीन 80s फैशन में नजर आईं। उन्होंने पिंक आउटफिट पहना, जिसमें पफ स्लीव्स थीं। बड़े हूप ईयररिंग्स और चूड़ियों ने उनके लुक को और रेट्रो टच दिया। कियारा ने तस्वीर के साथ सिद्धार्थ की अपकमिंग फिल्म ‘द व्वान’ के रोमांटिक ट्रैक ‘समझो ना’ को भी जोड़ा।
परिणीति-राघव ने भी दिखाया विंटेज लुक

परिणीति चोपड़ा और उनके पति राघव चड्ढा भी इस AI ट्रेंड का हिस्सा बने। परिणीति ने राघव के साथ विंटेज स्टाइल में तैयार की गई कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर कीं। दोनों तस्वीरों में पुराने दौर के फैशन और स्टाइल में नजर आए। उनके रेट्रो अवतार को सोशल मीडिया यूजर्स का भी खूब ध्यान मिल रहा है।

अमीषा पटेल का दिखा ग्लैमरस रेट्रो अंदाज

अमीषा पटेल ने भी AI ट्रेंड को अपने अंदाज में फॉलो किया। वह नियोन पिंक आउटफिट में नजर आईं। उन्होंने वन-शोल्डर टॉप और डेनिम शॉर्ट्स के साथ लेग वॉर्मर्स और व्हाइट-पिंक स्नीकर्स पहने। तस्वीर में अमीषा एक बड़े बूमबॉक्स पर बैठी नजर आईं। उनका पूरा लुक 80s के पॉप कल्चर और फैशन की याद दिलाता है।
रवि किशन बने 80s के बॉलीवुड हीरो

एक्टर रवि किशन ने भी इस वायरल AI ट्रेंड में हिस्सा लिया। उन्होंने इंस्टाग्राम पर अपनी AI-जेनरेटेड तस्वीर शेयर की, जिसमें उनका लुक 1980s के बॉलीवुड हीरो जैसा दिखाई दे रहा था। उनकी तस्वीर में उस दौर के फिल्मी हीरो वाला अंदाज, फैशन और हेयरस्टाइल देखने को मिला।
श्रुति हासन ने अपनाया 60s का लुक

जहां ज्यादातर सेलेब्स 80s के दौर में नजर आए, वहीं श्रुति हासन ने इस ट्रेंड को थोड़ा अलग अंदाज दिया। वह 1960s के लुक में दिखाई दीं। AI से तैयार तस्वीर में श्रुति प्रिंटेड टॉप, मैचिंग हेडस्कार्फ और ब्लू जींस पहने नजर आईं। उनका लुक 60s के क्लासिक फैशन से इंस्पायर्ड दिखाई दिया।
AI ट्रेंड ने फिर खींचा सेलेब्स का ध्यान
सोशल मीडिया पर AI फोटो ट्रेंड लगातार नए अंदाज में सामने आते रहते हैं। इस बार रेट्रो फैशन और पुराने दौर की यादों को AI के जरिए दोबारा क्रिएट किया जा रहा है। बॉलीवुड सेलेब्स के इन अलग-अलग अवतारों ने इस ट्रेंड को और ज्यादा चर्चा में ला दिया है।